अजमेर। राजस्थान के अजमेर में एक महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने, कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत करने और कई दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद केस को अजमेर पुलिस के संबंधित थाने को भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसके परिचित युवक ने फोन कर उसे अजमेर बस स्टैंड बुलाया। वहां चाय पीने के बाद वह अचेत हो गई। होश आने पर उसने खुद को फलोदी में पाया। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसके सोने-चांदी के जेवर व मोबाइल भी अपने पास रख लिए गए।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद आरोपी महिला को जोधपुर होते हुए अहमदाबाद के पास एक गांव ले गया। वहां एक कमरे में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और आरोपी रोज उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता रहा। महिला का आरोप है कि आरोपी दिन में काम पर जाते समय कमरे को बाहर से बंद कर देता था।
पीड़िता ने बताया कि मौका मिलने पर पड़ोस में रहने वाली एक युवती की मदद से वह कमरे से बाहर निकलने में सफल रही। इसके बाद वह अहमदाबाद बस स्टैंड पहुंची और एक बस चालक की सहायता से अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे वापस घर लेकर आए, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने पहले ब्यावर जिले के एक थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की। जांच के दौरान घटना की शुरुआत अजमेर बस स्टैंड क्षेत्र से होना सामने आने पर मामला आगे की जांच के लिए अजमेर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
