सवाई माधोपुर । मानटाउन थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सर्राफा व्यापारी से मारपीट कर सोना और नकदी से भरा बैग लूटने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद चार बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित सर्राफा व्यापारी दिनेश कुमार ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गर्ल्स मानटाउन स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और करीब 26 ग्राम सोना तथा एक लाख रुपए नकद से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों का पीछा किया।
बताया जा रहा है कि बदमाश भागते हुए सिविल लाइन क्षेत्र पहुंचे, जहां पहले से खड़ी एक स्कार्पियो में सवार होकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
