भीलवाड़ा। दुबई में भीलवाड़ा के एक व्यापारी का अपहरण कर बंधक बनाने, मारपीट करने और 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने के चर्चित मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि एक आरोपी को सात दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मोइन खान और उसके सहयोगी वसीम को गिरफ्तार किया। इससे पहले योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार किया जा चुका था। न्यायालय ने योगेश मूंदड़ा और वसीम को जेल भेज दिया, जबकि मोइन खान को पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस रिमांड पर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में इस संगठित अपराध और अवैध वसूली के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। वहीं मामले के मुख्य आरोपी फजले रऊफ उर्फ लुत्फी और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। जांच में सामने आया है कि व्यापारी को दुबई में जिस फ्लैट में बंधक बनाया गया था, वह पूर्व पार्षद फजले रऊफ से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा निवासी व्यवसायी मुकेश टेलर जून में व्यावसायिक कार्य से दुबई गए थे। आरोप है कि 1 जुलाई को उनका अपहरण कर 10 दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट की गई और 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बाद में भीलवाड़ा में उनके परिजनों से चेक लेने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
