पाली। पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-162 पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से होटल के बाहर खड़ा टैंकर होटल में घुस गया। हादसे में होटल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि होटल संचालक का 21 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब एक बजे रामासिया के पास हुआ। होटल के बाहर खड़े टैंकर को तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर होटल के अंदर जा घुसा और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
टैंकर के नीचे दबने से कर्मचारी की मौत
हादसे में होटल कर्मचारी हरि सिंह (निवासी उदयपुरा, देवगढ़, राजसमंद) और होटल संचालक का बेटा पुष्पेंद्र सिंह राजपुरोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान हरि सिंह की मौत हो गई। गंभीर घायल पुष्पेंद्र सिंह को जोधपुर रेफर किया गया है।
होटल और वाहनों को भारी नुकसान
हादसे में होटल के बाहर खड़ी दो कारें, टैंकर और होटल का फर्नीचर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
ट्रेलर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
