झुंझुनूं। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने नवलगढ़ और चिड़ावा थाना क्षेत्रों में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो गांजा, जबकि दूसरे आरोपी से 250 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और कई बोतल नशीली सिरप बरामद की है।
गुसाइयों की ढाणी से पकड़ा गया गांजा तस्कर
डीएसटी को सूचना मिली थी कि नवलगढ़ थाना क्षेत्र की गुसाइयों की ढाणी में अवैध रूप से मादक पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर टीम ने तत्काल दबिश देकर करीब 2 किलो अवैध गांजा बरामद किया और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
चिड़ावा में नशीली दवाओं का सप्लायर दबोचा
दूसरी कार्रवाई चिड़ावा थाना क्षेत्र में की गई। मुखबिर की सूचना पर डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा के नेतृत्व में टीम ने चिड़ावा पुलिस चौकी के पास जाल बिछाकर मुख्य सप्लायर सुनील को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 250 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल तथा आधा दर्जन से अधिक नशीली सिरप की बोतलें बरामद हुईं।
बिना डॉक्टर की पर्ची के बेच रहा था नशीली दवाएं
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों को अवैध रूप से ऊंचे दामों पर युवाओं को बेच रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप उसे कहां से मिली और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
