Thu, 08 06, 2026
देश

भीलवाड़ा में जीजा ने 18 वर्षीय साली की गोली मारकर हत्या, दो घंटे में आरोपी गिरफ्तार:

पारिवारिक विवाद में वारदात, हत्या में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद

post-img

 

 

भीलवाड़ा। जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र के आमली कला गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी 18 वर्षीय साली की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई दुनाली बंदूक भी बरामद कर ली गई है।

शव ठिकाने लगाने की फिराक में था आरोपी

पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी सबूत मिटाने और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्या के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

डेढ़ साल से बहन-जीजा के साथ रह रही थी युवती

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका रेखा (18), जो बीलिया की रहने वाली थी, पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपनी बड़ी बहन सीता और जीजा किशन कालबेलिया के साथ रह रही थी।

पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज

मृतका के पिता पप्पू की रिपोर्ट पर बनेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी किशन कालबेलिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हत्या का कारण पारिवारिक विवाद माना जा रहा है। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Related Post