Thu, 08 06, 2026
देश

जालोर में भीषण सड़क हादसा: निजी बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, शिक्षक व बस कंडक्टर की मौत:

सांचौर-डीसा हाईवे पर बारिश के बीच हुआ हादसा, 10 यात्री घायल; चार की हालत गंभीर, चालक व खलासी हिरासत में

post-img

जालोर/सांचौर। सांचौर-डीसा नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक और निजी बस के कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए। घायलों को सांचौर के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 9:45 बजे पलादर सरहद क्षेत्र में पीर की जाल के पास हुआ। बाड़मेर के बेड़िया से गुजरात के पालनपुर जा रही निजी यात्री बस सांचौर से सवारियां लेकर रवाना हुई थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान हल्की बारिश के बीच सामने से आ रहे ट्रक से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

हादसे में बस कंडक्टर मारू खाना (38) निवासी पांति का निवान, सेड़वा (बाड़मेर) तथा हंजाराम मेघवाल (53) निवासी शिवपुरा होथीगांव (सांचौर) की उपचार के दौरान मौत हो गई। हंजाराम मेघवाल दूठवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे और रविवार को अपनी बहन की दवा लेने गुजरात जा रहे थे।

सांचौर थाना प्रभारी नैनाराम चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया तथा ट्रक चालक, खलासी और बस चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Post