Thu, 08 06, 2026
देश

नामांतरण के बदले रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, पटवारी पर लगे गंभीर आरोप:

12 बीघा जमीन के नामांतरण के लिए 36 हजार की मांग, 15 हजार रुपए में सौदा होने का दावा

post-img

 

सवाई माधोपुर। जिले के खंडार उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुरेड़ी में कार्यरत पटवारी पप्पू कोली का कथित रूप से नामांतरण के बदले नकदी लेते हुए एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में किसान से जमीन के नामांतरण के एवज में रुपए लेने के साथ ही पहले तय हुई राशि को लेकर बातचीत भी सुनाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 25 जून का है, जो अब सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, किसान की 12 बीघा कृषि भूमि के नामांतरण के लिए पहले 3 हजार रुपए प्रति बीघा के हिसाब से 36 हजार रुपए की मांग की गई थी। बाद में कथित रूप से 15 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। वायरल वीडियो में नकदी के लेन-देन का दावा किया जा रहा है।

वहीं, पटवारी पप्पू कोली ने वीडियो की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। दूसरी ओर, शिकायतकर्ता किसान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

ग्रामीणों का आरोप है कि नामांतरण जैसे सामान्य राजस्व कार्य भी बिना पैसे दिए नहीं किए जाते। उनका कहना है कि किसानों को अपनी ही जमीन के वैध दस्तावेज बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और कथित रूप से अवैध मांगों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि गौरी शंकर नामक ग्रामीण ने पहले भी इसी पटवारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी।

फिलहाल मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई या जांच की पुष्टि नहीं हुई है। यदि शिकायत की जांच होती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Post