Thu, 08 06, 2026
देश

बीकानेर में हिस्ट्रीशीटरों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 10 से ज्यादा अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर:

हार्डकोर अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर संयुक्त कार्रवाई

post-img

बीकानेर। अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बीकानेर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हिस्ट्रीशीटरों से जुड़ी 10 से अधिक अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और पुलिस की संयुक्त टीम ने गंगाशहर क्षेत्र में करमीसर गांव जाने वाले मार्ग पर यह कार्रवाई की। करीब आधे घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

बाउंड्रीवाल और लोहे के गेट हटाकर कब्जे किए ध्वस्त

प्रशासन के अनुसार हिस्ट्रीशीटरों ने सरकारी एवं अन्य जमीनों पर बाउंड्रीवाल बनाकर तथा लोहे के गेट लगाकर अवैध कब्जा कर रखा था। संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

दो हिस्ट्रीशीटरों से जुड़ी बताई जा रही हैं संपत्तियां

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कोटगेट थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर आमिर खान और हसन अली से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर की गई। प्रशासन ने पहले इन अतिक्रमणों को चिन्हित किया था, जिसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।

आमिर खान पर 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार आमिर खान कोटगेट थाना क्षेत्र का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियार तस्करी सहित 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले दो दशकों से उसके खिलाफ हथियारों की तस्करी सहित कई गंभीर मामलों में कार्रवाई होती रही है।

हसन अली के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला विचाराधीन

हसन अली के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हुए थे। इनमें से तीन मामलों में उसे अदालत से दोषमुक्त किया जा चुका है, जबकि वर्ष 2017 में दर्ज आर्म्स एक्ट का एक मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान सीओ गंगाशहर हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार, नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों का पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। वहीं बीडीए के उपायुक्त कुणाल राहड़ और तहसीलदार आकांक्षा गोदारा ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराधियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Related Post