Thu, 08 06, 2026
देश

सीकर में गर्भवती महिला पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर; आरोपी डिटेन होने के बाद 28 घंटे बाद समाप्त हुआ धरना:

महिला बेहोश, चढ़ाया खून भी वापस निकल रहा

post-img

सीकर। जिले के धोद थाना क्षेत्र के सरवड़ी गांव में छह माह की गर्भवती विवाहिता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर किया गया है। महिला फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। दूसरी ओर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धोद थाने के बाहर करीब 28 घंटे तक धरना दिया और सीकर-लोसल मार्ग पर जाम भी लगाया। आरोपी को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

तीन माह से पीहर में रह रही थी विवाहिता

जानकारी के अनुसार, प्रियंका (25) मूल रूप से कुचामन की रहने वाली हैं और पिछले तीन माह से प्रसव के लिए अपने पीहर सरवड़ी गांव में रह रही थीं। वह छह माह की गर्भवती हैं। उनके पति महाराष्ट्र में फर्नीचर का काम करते हैं।

घर में घुसकर किया चाकू से हमला

बताया जा रहा है कि प्रियंका अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ घर में थीं। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला सुरेश सैनी कथित रूप से घर में घुस आया और महिला के गले पर चाकू से वार कर दिया। आरोप है कि उसने महिला के हाथ और पैर पर भी चाकू से हमला किया।

करीब दस मिनट बाद जब महिला के पिता घर लौटे तो उन्होंने बेटी को लहूलुहान अवस्था में पाया। इसके बाद उसे तत्काल सीकर के एसके अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आईसीयू में भर्ती किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।

परिजनों ने जताई चिंता

घायल महिला के भाई प्रेम सिंह ने बताया कि घटना के बाद से उनकी बहन बेहोश है। उन्होंने दावा किया कि उपचार के दौरान चढ़ाया गया खून भी शरीर में नहीं रुक पा रहा है। चिकित्सकों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

28 घंटे तक चला धरना

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने धोद थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया और सीकर-लोसल सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 28 घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने आरोपी को डिटेन किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच

धोद पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी को डिटेन कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post