झुंझुनूं। जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के लिए रुपए नहीं मिलने पर पति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के दोनों हाथ बांध दिए, पैर तोड़कर बक्से में ठूंस दिया और ताला लगाकर चार दिन तक घर में ही छिपाए रखा। इस दौरान वह अपने 16 वर्षीय बेटे को मां के बारे में अलग-अलग बहाने बनाकर गुमराह करता रहा।
शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव के अनुसार आरोपी कृष्ण कुमार जाट (40) का शनिवार को पत्नी सिलोचना (34) से शराब के लिए रुपए मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव के हाथ बांध दिए और पैर तोड़कर उसे बक्से में बंद कर दिया।
बेटे को तीन दिन तक देता रहा झूठे जवाब
घटना के समय दंपती का 16 वर्षीय बेटा घर पर नहीं था। जब वह लौटा तो पिता ने बताया कि उसकी मां कहीं गई है। अगले तीन दिनों तक बेटा मां के बारे में पूछता रहा, लेकिन आरोपी हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा।
बदबू आने पर खुला हत्या का राज
मंगलवार सुबह बक्से से तेज दुर्गंध आने लगी। इसके बाद आरोपी ने गांव के एक व्यक्ति को पूरी घटना बता दी। सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बक्सा खुलवाया। बक्से के अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला। शव के दोनों हाथ बंधे हुए थे और पैर टूटे हुए थे।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस ने शव को सूरजगढ़ सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया है, लेकिन हत्या किस तरीके से और किस हथियार से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
2009 में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार जाट और सिलोचना की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
