Thu, 08 06, 2026
देश

बीकानेर में भाई-बहन के विवाद ने लिया दर्दनाक मोड़, 13 वर्षीय बालक ने फंदा लगाया, बहन ने खाया जहरीला पदार्थ:

बड़ी बहन ने डांटा तो भाई ने सुसाइड किया

post-img

बीकानेर। जिले में रविवार शाम एक मामूली पारिवारिक कहासुनी ने दर्दनाक रूप ले लिया। भाई-बहन के बीच हुए विवाद के बाद 13 वर्षीय बालक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई को फंदे पर लटका देखकर 15 वर्षीय बहन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। बालक की मौत हो गई, जबकि किशोरी का पीबीएम अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी मामूली बात को लेकर दोनों भाई-बहन के बीच कहासुनी हो गई थी। इस दौरान बड़ी बहन ने गुस्से में छोटे भाई को डांट दिया। इससे आहत होकर बालक घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया और चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कुछ देर बाद पड़ोसियों ने खिड़की से बालक को फंदे से लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। नीचे कमरे में पढ़ रही बहन जब ऊपर पहुंची तो भाई को फंदे से लटका देखकर सदमे में आ गई। इसके बाद उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना के समय माता-पिता घर पर नहीं थे। सूचना मिलने पर वे तुरंत घर पहुंचे और दोनों बच्चों को पीबीएम अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि किशोरी का गंभीर हालत में उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। यदि आवश्यक हुआ तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post