उदयपुर। उदयपुर में एक दर्दनाक घटना में 17 वर्षीय छात्रा ने निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में उदयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को छात्रा की स्कूटी से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि उसके माता-पिता की कोई गलती नहीं है।
स्कूल से सीधे निर्माणाधीन बिल्डिंग पहुंची
पुलिस के अनुसार, निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे स्कूल से सीधे स्कूटी पर निर्माणाधीन बिल्डिंग पहुंची। उसने स्कूटी बाहर खड़ी की और इमारत में प्रवेश करने लगी। वहां मौजूद मजदूरों ने रोककर पूछा तो छात्रा ने कहा कि उसकी बॉल अंदर चली गई है। इसके बाद वह सीधे चौथी मंजिल पर पहुंची और नीचे छलांग लगा दी।
चबूतरे से टकराकर नीचे गिरी
छात्रा पहले इमारत के चबूतरे से टकराई और फिर नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और मजदूर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुसाइड नोट में लिखा- 'आई लव यू पापा-मम्मी'
पुलिस को छात्रा की स्कूटी से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है, "मेरे पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं है। आई लव यू पापा-मम्मी।" हालांकि, नोट में आत्महत्या का कारण नहीं बताया गया है।
कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी
थानाधिकारी ने बताया कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन उदयपुर अस्पताल में हैं और उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल प्रशासन ने बताया कि छात्रा पूरे दिन सामान्य रूप से पढ़ाई कर रही थी और उसके व्यवहार से किसी तरह की परेशानी का आभास नहीं हुआ था।
