Thu, 08 06, 2026
देश

राहगीर का अपहरण कर लूटपाट करने वाले दो इनामी बदमाश गिरफ्तार:

हाईवे से किया था किडनैप, आईफोन-13, सोने की चेन और नकदी लूटी; दोनों पर ₹2-2 हजार का इनाम था

post-img

बारां। बारां जिले के अटरू थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-90 पर राहगीर का अपहरण कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर ₹2-2 हजार का इनाम घोषित था। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

हाईवे से अगवा कर सुनसान जगह ले गए

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि घटना 24 जून की है। भैंसड़ा निवासी पवन कुमार मीणा ने अटरू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाशों ने उसे हाईवे पर रोककर अगवा कर लिया।

आरोपी उसे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के पास सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाशों ने उसका आईफोन-13, करीब 10 ग्राम सोने की चेन, ₹22 से ₹24 हजार नकद, पर्स और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल की चाबी अंधेरे में फेंककर फरार हो गए।

पहले तीन आरोपी हो चुके थे गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी और वृत्ताधिकारी रामानंद यादव के निर्देशन में थानाधिकारी अशोक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पहले एक बाल अपचारी को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेजा गया, जबकि राहुल राठौड़ और शुभम उर्फ टिकू को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

हुलिया बदलकर छिपे थे आरोपी

मामले के मुख्य आरोपी रोहित उर्फ बच्चा और प्रिंस सुमन लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों अंता क्षेत्र में हुलिया बदलकर छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

महंगी शराब और शौक पूरे करने के लिए की वारदात

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगी शराब पीने और घूमने-फिरने के शौकीन हैं। अपने शौक और खर्च पूरे करने के लिए उन्होंने राहगीर का अपहरण कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस आगे की पूछताछ और जांच कर रही है।

Related Post