झुंझुनूं । बबाई थाना क्षेत्र के माधोगढ़ गांव में एक 21 वर्षीय युवक ने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विकास कुमार (21) पुत्र जगदीश बावरिया निवासी माधोगढ़ के रूप में हुई है।
मृतक के छोटे भाई सुनील कुमार ने बबाई थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार अलसुबह करीब तीन बजे उसने कई बार अपने भाई विकास को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान विकास का शव गांव के श्मशान घाट के पास एक पेड़ से लटका मिला। नीचे उतारने पर उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बबाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के भाई ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एएसआई राजकुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
