जयपुर। राजधानी के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद उस समय बड़ा झगड़ा बन गया, जब दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और चार लोगों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, सुभाष कॉलोनी स्थित खंडेलवाल कॉलेज के पास बाइक पार्किंग और रास्ता देने की बात को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी। बच्चों के विवाद की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे हैं, मौके पर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस दोनों पक्षों को शास्त्री नगर थाने ले गई। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक गोपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। विवाद की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के समर्थक और परिचित भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर झगड़े में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
शास्त्री नगर थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस समझाइश के जरिए मामले का समाधान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया है तो उसकी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक पुलिस आयुक्त हंसराज बेरवा ने बताया कि घटना रात करीब 8:45 बजे निजी कॉलेज के पीछे स्थित कॉलोनी में हुई। स्कूटी सवार दो युवकों और एक बाइक सवार के बीच रास्ता देने को लेकर शुरू हुई कहासुनी बाद में दो पक्षों के विवाद में बदल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
