Thu, 08 06, 2026
देश

चूरू में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-ट्रैवलर की भिड़ंत में 3 की मौत, 15 घायल:

सालासर दर्शन कर पुष्कर जा रहा था कोलकाता का परिवार, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

post-img

 

 

चूरू। जिले के सुजानगढ़ सदर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर नेशनल हाईवे-58 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। हादसा सालासर रोड स्थित बोबासर पुलिया के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रहे ट्रैवलर को टक्कर मार दी।

सालासर दर्शन के बाद पुष्कर जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार ट्रैवलर में कोलकाता निवासी एक ही परिवार के 20 लोग सवार थे। सभी 1 अगस्त को कोलकाता से जयपुर पहुंचे थे। खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के दर्शन करने के बाद वे पुष्कर जा रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

दो सगी बहनों समेत तीन की मौत

हादसे में सुशीला साहू (70), उर्मिला साहू (65) और आनंदी कहार (16) की मौत हो गई। सुशीला और उर्मिला सगी बहनें थीं, जबकि आनंदी उनकी भतीजी की बेटी थी। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशोरी आनंदी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार ट्रेलर चालक अपने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैवलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर पुलिया के पास पलट गया, जबकि ट्रेलर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए नीचे लटक गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

तीन घायल सीकर रेफर

हादसे में घायल अनु (60), राधा (60) और प्रतिभा (35) की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर रेफर किया गया है। वहीं कालीप्रसाद, परी, अनोखी, ऋषिका, रामरख, कृति, शिवम, आर्यन, अनन्या, पूनम, दुर्गा सहित अन्य घायलों का सुजानगढ़ उप जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

Related Post