Thu, 08 06, 2026
देश

तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत, पति गंभीर घायल:

खेत जाते समय हुआ हादसा, इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

post-img

नागौर। नागौर जिले के नावां उपखंड क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हेमपुरा गांव के पास हुआ। दोनों को तत्काल नावां उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

खेत जाते समय पीछे से मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार हेमपुरा निवासी प्रभात (50) पुत्र पूसाराम अपनी पत्नी कमली (45) के साथ बाइक से गांव से खेत की ओर जा रहे थे। शाम करीब 6:50 बजे पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत

हादसे के बाद पिकअप चालक की मदद से दोनों घायलों को नावां के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल कमली ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं प्रभात का अस्पताल में उपचार जारी है।

अस्पताल पहुंचे परिजन और ग्रामीण

महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Related Post