Thu, 08 06, 2026
देश

दोस्त की हत्या कर YouTube पर खोजे बचने के तरीके, खाटूश्यामजी जाकर मांगी माफी:

पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों को दौसा से गिरफ्तार किया।

post-img

जयपुर। राजधानी जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पार्टी के खर्चे को लेकर हुए विवाद में दोनों दोस्तों ने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के तरीके जानने के लिए यूट्यूब पर वीडियो देखते रहे और पाप की माफी मांगने खाटूश्यामजी भी पहुंचे।

पार्टी के खर्चे को लेकर हुआ विवाद, दोस्त की गला घोंटकर हत्या

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि 25 जुलाई को श्री होटल में टोडाभीम निवासी दिनेश उर्फ दंशी बंजारा (21) का शव मिला था। जांच के बाद पुलिस ने संजय कुमार कासोटिया (19) और नितेश गवारिया (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि 24 जुलाई को तीनों होटल में ठहरे थे। शराब पार्टी के दौरान खर्चे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद संजय और नितेश ने दुपट्टे से गला घोंटकर दिनेश की हत्या कर दी।

300 से अधिक CCTV फुटेज से पहुंचे आरोपियों तक

पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों को दौसा से गिरफ्तार किया। वारदात के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिए और मृतक के मोबाइल की सिम जयपुर रेलवे स्टेशन पर तोड़कर फेंक दी। पहचान छिपाने के लिए वे ट्रेन और बस से अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे।

YouTube पर देखे पुलिस से बचने के 50 से ज्यादा वीडियो

हत्या के बाद दोनों आरोपी दौसा के एक होटल में रुके, जहां वाई-फाई से इंटरनेट चलाकर यूट्यूब पर पुलिस से बचने के तरीके खोजे। उन्होंने हत्या के मामलों में पुलिस की जांच, शव की स्थिति में बदलाव, सजा और गिरफ्तारी से बचने जैसे विषयों पर 50 से अधिक वीडियो देखे।

खाटूश्यामजी जाकर मांगी पाप की माफी

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपियों को अपने किए पर ग्लानि हुई। इसके बाद वे सीकर स्थित खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचे और दर्शन कर अपने पाप की माफी मांगी। बाद में दोनों फिर दौसा लौट आए और गुजरात भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

लोन दिलाने के बहाने हुई थी मुलाकात

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दिनेश को पैसों की जरूरत थी। उसके दोस्त नितेश ने लोन दिलाने वाले संजय से उसकी मुलाकात कराई थी। इसी सिलसिले में तीनों होटल में मिले थे, जहां मामूली विवाद ने हत्या जैसी सनसनीखेज वारदात का रूप ले लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

Related Post