Fri, 08 07, 2026
देश

नशे में आत्मघाती कदम! दरांती से गला काटकर युवक हुआ लहूलुहान:

नशे में युवक ने दरांती से काटा अपना गला, गंभीर हालत में कोटा रेफर

post-img

बारां। बारां जिले के मांगरोल कस्बे में बुधवार को एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में दरांती से अपने गले पर वार कर लिया। गले पर गहरा घाव लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कोटा रेफर कर दिया।

अस्पताल चौकी के हेड कांस्टेबल कलवाराम ने बताया कि घायल की पहचान नरेंद्र (35) पुत्र खेमचंद, निवासी बैरवा बस्ती, मांगरोल के रूप में हुई है। घटना के समय वह अपने घर पर था। अचानक उसने दरांती से अपने गले पर वार कर लिया, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नरेंद्र शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि उसने नशे की हालत में यह कदम उठाया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान लिए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

Related Post