अजमेर। अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार रिटायर्ड शिक्षक और उनकी पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भूडोल गांव निवासी प्रभुलाल (63), जो रिटायर्ड सरकारी शिक्षक थे, अपनी पत्नी मैना देवी (60) को थेरेपी दिलाने के लिए अजमेर शहर लाए थे। उपचार के बाद दोनों शाम करीब पांच बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अजमेर-नागौर बाईपास स्थित विश्राम स्थली तिराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रेलर बाइक सहित दंपती को कुछ दूरी तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सूचना पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद ट्रेलर को जब्त कर लिया।
गेगल थाने के एएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में ट्रेलर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
