Thu, 08 06, 2026
देश

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: सेना की SUV ऊंट से टकराकर 5 बार पलटी, मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट गंभीर घायल:

थईयात आर्मी क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा, 100 मीटर तक घिसटती रही गाड़ी

post-img

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के मेजर हमजा आरिफ (26) की मौत हो गई, जबकि सेना के दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर थईयात आर्मी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब सेना की टाटा सफारी अचानक सड़क पर आए ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी चार से पांच बार पलटती हुई करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।

ड्यूटी से लौट रहे थे तीनों सैन्य अधिकारी

पुलिस के अनुसार मेजर हमजा आरिफ अपने दो साथी अधिकारियों लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ के साथ ड्यूटी पूरी कर आर्मी स्टेशन लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक ऊंट आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया।

मौके पर मचा हड़कंप, मेजर ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों घायलों को तत्काल आर्मी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया। घायल दोनों लेफ्टिनेंट का इलाज जारी है। दुर्घटना में जिस ऊंट से वाहन टकराया, उसकी भी मौके पर मौत हो गई।

एक माह पहले हुई थी मेजर हमजा आरिफ की शादी

मध्य प्रदेश निवासी मेजर हमजा आरिफ की करीब एक माह पहले ही शादी हुई थी। उनके असमय निधन से परिवार और सेना में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमॉर्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर सैन्य सम्मान के साथ परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस और मिलिट्री पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद स्थानीय पुलिस और मिलिट्री पुलिस (आर्मी पुलिस) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सड़क पर आवारा पशु बने हादसों की बड़ी वजह

मरुस्थलीय क्षेत्रों में रात के समय सड़कों पर ऊंट और अन्य पशुओं के आने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पशु नियंत्रण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Related Post