Thu, 08 06, 2026
देश

4.69 किलो अवैध डोडा चूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:

नशा तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त, पुलिस सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी

post-img

बारां। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरनावदाशाहजी थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 690 ग्राम अवैध डोडा चूरा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी एवं छबड़ा वृत्ताधिकारी ताराचंद के निर्देशन में हरनावदाशाहजी थानाधिकारी दीनदयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीपुरा तिराहा-छीपाबड़ौद रोड पर देवरीभान की ओर से आ रही एक बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान बाइक चालक और पीछे बैठे युवक के बीच रखे पीले प्लास्टिक के कट्टे से 4 किलो 690 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश मीणा (24) पुत्र राजमल मीणा तथा संदीप मीणा (23) पुत्र धर्मराज मीणा, निवासी देवरीभान, थाना हरनावदाशाहजी के रूप में हुई है।

हरनावदाशाहजी थाने में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच छीपाबड़ौद थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों से डोडा चूरा की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी दीनदयाल के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र, गिरवरसिंह, रामनिवास तथा चालक कांस्टेबल कन्हैयालाल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post