Thu, 08 06, 2026
देश

जैसलमेर में दिल दहला देने वाली घटना: दो मासूमों को टांके में फेंकने के बाद दंपती ने दी जान, बर्थडे पार्टी से लौटे थे बच्चे:

बड़े भाई ने रोकने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा सका

post-img

जैसलमेर। जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। रविवार शाम एक दंपती ने कथित तौर पर पहले अपने दो मासूम बच्चों को घर में बने टांके (पानी के टैंक) में फेंक दिया और इसके बाद खुद भी उसमें कूदकर जान दे दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक कलह को घटना का संभावित कारण मान रही है।

बर्थडे पार्टी से लौटने के आधे घंटे बाद हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक जसराज (30) और उनकी पत्नी निरमा (28) के बच्चे भरत (10) और मनीषा (5) रविवार शाम पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर करीब 7 बजे घर लौटे थे। करीब आधे घंटे बाद ही यह दर्दनाक घटना हो गई।

बड़े भाई ने रोकने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा सका

रामदेवरा थानाधिकारी देवकिशन ने बताया कि जसराज का बड़ा भाई घनश्याम पास में ही रहता है। बच्चों के रोने और टांके में गिरने की आवाज सुनकर वह दौड़कर मौके पर पहुंचा। उसने जसराज को टांके के पास देखकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही जसराज ने भी टांके में छलांग लगा दी।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 18 फीट गहरे टांके का मुंह छोटा होने के कारण चारों को बाहर निकालने में लगभग 15 मिनट लगे। सभी को तुरंत लोहारकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

100 बीघा जमीन का मालिक था जसराज

मृतक के चचेरे भाई नगाराम ने बताया कि जसराज ने कुछ वर्षों तक फर्नीचर का काम किया था, लेकिन पिछले करीब तीन माह से घर पर ही था। परिवार के पास लगभग 100 बीघा कृषि भूमि थी, जबकि तीनों भाइयों के पास मिलाकर करीब 300 बीघा जमीन है। ऐसे में परिवार आर्थिक तंगी से नहीं जूझ रहा था।

पुलिस पारिवारिक विवाद के एंगल से कर रही जांच

घटना की सूचना पर पोकरण डीएसपी बुद्धाराम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पोकरण अस्पताल भेजा गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमॉर्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।

थानाधिकारी देवकिशन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि विवाद का वास्तविक कारण क्या था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से लोहारकी गांव में शोक का माहौल है। खासकर यह तथ्य कि दोनों मासूम बच्चे घटना से कुछ ही देर पहले पड़ोस की जन्मदिन पार्टी में खुशियां मना रहे थे, पूरे गांव को झकझोर गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Post