Fri, 08 07, 2026
देश

SI भर्ती फिजिकल परीक्षा में फर्जी एडमिट कार्ड से पहुंची युवती पकड़ी गई:

रिटन परीक्षा में हो चुकी थी फेल, पास अभ्यर्थी के रोल नंबर से बनाया नकली प्रवेश-पत्र

post-img

जयपुर। राजस्थान पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती-2025 की फिजिकल परीक्षा के दौरान जयपुर के चित्रकूट स्टेडियम में फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए परीक्षा देने पहुंची एक युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि युवती लिखित परीक्षा में असफल हो चुकी थी, लेकिन उसने एक चयनित अभ्यर्थी के रोल नंबर का इस्तेमाल कर नकली प्रवेश-पत्र तैयार कर लिया।

डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी मोहिता (27) शुक्रवार सुबह फिजिकल परीक्षा देने चित्रकूट स्टेडियम पहुंची थी। दस्तावेज सत्यापन के दौरान एडमिट कार्ड के रोल नंबर की जांच में एक युवक का विवरण सामने आया। रिकॉर्ड मिलान करने पर पता चला कि जिस रोल नंबर का इस्तेमाल किया गया था, उस अभ्यर्थी की फिजिकल परीक्षा 5 अगस्त को उदयपुर में पहले ही हो चुकी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि मोहिता लिखित परीक्षा में असफल रही थी। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि साइबर कैफे से चयनित अभ्यर्थियों की सूची निकालकर एक रोल नंबर लिया और उसमें काट-छांट कर फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया।

परिजनों से भी छिपाई थी सच्चाई

जांच में यह भी सामने आया कि मोहिता जयपुर के चित्रकूट क्षेत्र में रहकर एसआई भर्ती की तैयारी कर रही थी। लिखित परीक्षा में असफल होने के बावजूद उसने यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई और चयनित होने की झूठी जानकारी दी। रिश्तेदारों को संदेह न हो, इसलिए वह नियमित रूप से चित्रकूट स्टेडियम में फिजिकल परीक्षा की तैयारी के नाम पर दौड़ भी लगाती थी। परीक्षा वाले दिन उसके चाचा उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने आए थे।

पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीकानेर में भी फर्जी दस्तावेज का मामला दर्ज

इधर, बीकानेर के बीछवाल थाने में एसआई भर्ती की फिजिकल परीक्षा के लिए फर्जी अनुमति-पत्र तैयार करने के मामले में विचाराधीन बंदी संदेश सिद्ध (25) के खिलाफ राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराने की बात स्वीकार की है। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) को सौंपी गई है।

Related Post