Thu, 08 06, 2026
देश

जयपुर में दिनदहाड़े महिला से चाकू की नोक पर चेन लूटी:

मंदिर जाते समय वारदात, बदमाश ने दिखाया चाकू

post-img

जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिनदहाड़े एक बदमाश ने बिजनेसमैन की पत्नी से चाकू की नोक पर सोने की चेन लूट ली। घटना किरण पथ इलाके में सुबह करीब 7:13 बजे हुई। वारदात का सीसीटीवी वीडियो रविवार को सामने आया है।

गाय को रोटी खिलाने के बाद बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार किरण पथ निवासी 57 वर्षीय भावना, जिनके पति प्रतापनगर में बुक स्टोर संचालित करते हैं, सुबह मंदिर जा रही थीं। रास्ते में उन्होंने गली में खड़ी गाय को रोटी खिलाई। इसके बाद पीछे-पीछे चल रहा बदमाश उनके पास पहुंचा और चाकू दिखाकर रोक लिया।

गले से चेन तोड़कर मौके से फरार

महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले आरोपी ने गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली और दौड़ते हुए फरार हो गया। छीना-झपटी के दौरान चेन का लॉकेट नीचे गिर गया, जिसे महिला ने उठा लिया।

महिला ने किया पीछा, लेकिन नहीं पकड़ सकी

वारदात के बाद भावना ने शोर मचाते हुए बदमाश का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण आरोपी भागने में सफल रहा।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी

सूचना मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी वारदात को अंजाम देकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है।

Related Post