बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के खारवाली स्थित सुरजनवाली गांव में गुरुवार दोपहर रिश्ते को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद हुए चाकूबाजी के घटनाक्रम में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
खाजूवाला डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान जिंदू खान (55) पुत्र याकूब खान, उसके पुत्र करीम खान (25) निवासी खारवाली तथा अलीशेर (60) पुत्र अब्दे खान निवासी सुरजनवाली के रूप में हुई है। वहीं नब्बू (35) घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
हालचाल पूछने गए थे, बहस हिंसक झड़प में बदली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार का एक सदस्य कीटनाशक के छिड़काव के बाद बीमार हो गया था। उसका हालचाल जानने के लिए जिंदू, करीम, अलीशेर, नब्बू सहित अन्य लोग एक घर पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार में एक युवती के रिश्ते को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकुओं से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं।
अस्पताल में जुटी भीड़, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को छत्तरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिसके मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या के कारणों की जांच जारी
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। अब तक हत्या के अलग-अलग कारण सामने आए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए आपसी विवाद का परिणाम। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
