Thu, 08 06, 2026
देश

घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो पर चोरों ने किया हाथ साफ, CCTV में कैद हुई वारदात:

100 मीटर तक धक्का देकर ले गए स्कॉर्पियो, फिर बोनट खोलकर फरार हुए बदमाश

post-img

जयपुर। राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार चोरी होने का मामला सामने आया है। शातिर बदमाश बुधवार तड़के करीब तीन बजे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आम वाली ढाणी, श्रीराम की नांगल (12 मील) निवासी राजूलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 (रजिस्ट्रेशन नंबर 24-BH-2362-E) मंगलवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी। बुधवार सुबह करीब तीन बजे उठकर देखा तो वाहन वहां नहीं मिला।

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि तीन बदमाश स्विफ्ट वीडीआई कार से मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले स्कॉर्पियो को करीब 100 मीटर तक धक्का देकर आगे ले गए, ताकि आवाज न हो। इसके बाद उन्होंने बोनट खोलकर वाहन स्टार्ट किया। एक आरोपी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया, जबकि उसके दो साथी स्विफ्ट कार में बैठकर मौके से निकल गए।

पीड़ित ने पुलिस को वाहन का चेसिस नंबर MA1TA2YS2R2D13107 तथा इंजन नंबर YSR4D76220 भी उपलब्ध कराया है।

सांगानेर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामरतन को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Post