Fri, 08 07, 2026
देश

जयपुर में पुलिसकर्मी बनकर महिला से ठगी, नकली गहने देकर सोने की चेन-चूड़ियां ले उड़े बदमाश:

सुरक्षा का झांसा देकर की वारदात, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

post-img

जयपुर। राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को सुरक्षा का झांसा दिया और उसकी सोने की चेन व चूड़ियां बदलकर फरार हो गए। पूरी वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

डॉक्टर से लौट रही महिला को रास्ते में रोका

पुलिस के अनुसार बरकत नगर निवासी नीरज कुलश्रेष्ठ (53) बुधवार सुबह डॉक्टर को दिखाकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में चाकूबाजी और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं।

नकली पहचान पत्र दिखाकर उतरवाए गहने

आरोपियों ने कथित पुलिस पहचान पत्र दिखाया और महिला से सुरक्षा के लिए सोने की चेन व चूड़ियां उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी। महिला ने घर पास होने की बात कही, लेकिन दोनों नहीं माने। उन्होंने गहनों की पुड़िया बनाकर पर्स में रखने का नाटक किया और इसी दौरान असली सोने के गहने निकालकर उनकी जगह नकली चेन और आर्टिफिशियल चूड़ियां रख दीं। इसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

घर पहुंचने पर हुआ ठगी का अहसास

घर पहुंचकर ताला खोलते समय महिला को शक हुआ। जब उन्होंने पर्स खोलकर देखा तो असली सोने के गहने गायब थे और उनकी जगह नकली आभूषण रखे हुए थे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराई।

ईरानी गैंग पर पुलिस का शक

बजाज नगर थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ईरानी गैंग के सदस्य प्रतीत हो रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में दोनों संदिग्ध स्पष्ट दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर कोई भी व्यक्ति स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर गहने या कीमती सामान उतारने के लिए कहे तो उसकी पहचान की पुष्टि करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना दें।

Related Post