Thu, 08 06, 2026
देश

जयपुर में पूर्व जिला जज के बेटे-बेटी में संपत्ति विवाद, बहन ने भाई पर कार पर हमला और जान से मारने की कोशिश का आरोप:

जयपुर में पूर्व जिला जज के बेटे-बेटी में संपत्ति विवाद, बहन ने भाई पर कार पर हमला और जान से मारने की कोशिश का आरोप

post-img

जयपुर। राजधानी जयपुर में पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्वर्गीय जगपाल सिंह के परिवार में चल रहा संपत्ति विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। पूर्व जज की बेटी ने अपने बड़े भाई पर कार पर हमला करने, जान से मारने की कोशिश करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता पूनम सिंह ने शिकायत में बताया कि 14 जुलाई की शाम वह हाईकोर्ट से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही सिविल लाइंस स्थित गौरव नगर स्थित घर के पास पहुंचीं, उनके बड़े भाई मुनिंदर सिंह ने डंडे से उनकी कार पर हमला कर दिया। आरोप है कि कार के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे टूटे हुए कांच से पूनम सिंह और उनके ड्राइवर रामजीलाल घायल हो गए।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कार के अंदर घुसकर हमला करने की भी कोशिश की। किसी तरह वह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी और उसकी पत्नी ने पहले से सीढ़ियों का दरवाजा बंद कर रखा था, ताकि वह घर के ऊपरी हिस्से में न जा सकें।

पूनम सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके भाई पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। उन्होंने अपनी और अपने ड्राइवर की सुरक्षा की मांग करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई महादेव को सौंप दी है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

शिकायत में पूनम सिंह ने यह आरोप भी लगाया है कि उनके भाई ने पिता के नाम से दो फर्जी वसीयत तैयार की हैं, जिसकी शिकायत वर्ष 2023 में दर्ज कराई जा चुकी है।

वहीं, मुनिंदर सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी बहन संपत्ति पर कब्जा करना चाहती हैं। उनका दावा है कि पिता ने वसीयत के जरिए मकान उन्हें दिया था। उन्होंने कहा कि बहन ने उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया है और संपत्ति विवाद को लेकर लगातार आरोप लगा रही हैं।

जानकारी के अनुसार, पूर्व जिला जज जगपाल सिंह के निधन के बाद परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। वर्ष 2023 से संपत्ति बंटवारे का मामला सिविल कोर्ट में लंबित है। वर्तमान में परिवार के सदस्य एक ही मकान में अलग-अलग हिस्सों में रह रहे हैं।

 

 

Related Post