Thu, 08 06, 2026
देश

चित्तौड़गढ़ में पुलिस मुठभेड़: 6 हजार के इनामी नहीं, हिस्ट्रीशीटर प्रभुसिंह के पैर में लगी गोली, हत्या की साजिश नाकाम:

अजयराज हत्याकांड के आरोपी पर हमला करने आया था

post-img

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के शंभूपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और हिस्ट्रीशीटर प्रभुसिंह चौहान के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रभुसिंह चौहान सदर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अवैध हथियार लेकर अपने विरोधी गैंग के सदस्यों पर हमला करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे शंभूपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने उसकी कार को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि रुकने के बजाय प्रभुसिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रभुसिंह के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।

ईश्वरसिंह डेट की हत्या की थी साजिश

एसपी ने बताया कि प्रभुसिंह चौहान की भैरूं झुपड़ा और ईश्वरसिंह डेट गैंग से पुरानी रंजिश चल रही है। पिछले वर्ष हुए रिटायर्ड एएसआई शिवपाल सिंह के पुत्र अजयराज सिंह हत्याकांड के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर ईश्वरसिंह डेट हाल ही में अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रभुसिंह उसकी हत्या की योजना बना रहा है। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और मुठभेड़ हुई।

अस्पताल में कड़ी सुरक्षा, पुलिस कर रही पूछताछ

गोली लगने के बाद प्रभुसिंह को जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसे अलग आईसीयू में रखा गया है। अस्पताल में सुरक्षा के लिए क्यूआरटी और स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों और षड्यंत्र से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

18 गंभीर मामलों में आरोपी

पुलिस के अनुसार प्रभुसिंह चौहान के खिलाफ चित्तौड़गढ़, बड़ीसादड़ी, गंगरार और भीलवाड़ा जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, अवैध हथियार, दंगा, अपहरण, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य गंभीर धाराओं सहित 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शंभूपुरा थाने में पुलिस पर फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post