Thu, 08 06, 2026
देश

टेंट व्यवसायी ने गोदाम में फंदा लगाकर दी जान:

नारनौल में छह साल से जीजा के साथ कर रहा था काम, पुलिस कर रही मामले की जांच

post-img

नारनौल। हरियाणा के नारनौल जिले के निजामपुर थाना क्षेत्र स्थित धौलेड़ा-बिगोपुर गांव में एक टेंट व्यवसायी ने गोदाम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मगलचंद (37) निवासी बबाई (राजस्थान) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब छह वर्षों से अपने जीजा राजसिंह के साथ धौलेड़ा गांव में रहकर टेंट व्यवसाय कर रहा था।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन मगलचंद रोजाना की तरह काम पर गया था। इसी दौरान उसने बिगोपुर स्थित गोदाम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

निजामपुर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को नागरिक अस्पताल नारनौल भिजवाया, जहां चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के जीजा राजसिंह के बयान दर्ज किए गए हैं। उनके अनुसार मगलचंद ने कभी किसी मानसिक तनाव या अन्य परेशानी का जिक्र नहीं किया था और परिवार को भी किसी विवाद या समस्या की जानकारी नहीं थी।

पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Post