नागौर/रियांबड़ी। नागौर जिले के रियांबड़ी क्षेत्र के डोडियाना गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में घायल हुई महिला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट करने और कैंपर वाहन से टक्कर मारकर गंभीर घायल करने का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को खेत में ज्वार की फसल काटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मारपीट होने लगी। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की। इसी दौरान एक कैंपर वाहन से लोगों को टक्कर मारने का भी आरोप लगाया गया।
कैंपर की चपेट में आने से प्रकाश देवी बावरी (52) पत्नी महावीर निवासी डोडियाना गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए थांवला के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को उपचार के दौरान प्रकाश देवी ने दम तोड़ दिया।
फसल काटने को लेकर हुआ था विवाद
मृतका के पति महावीर पुत्र सुखदेव ने 23 सितंबर को पादूकलां थाने में शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, परिवार का दूसरे पक्ष से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। खेत में ज्वार की फसल बोई हुई थी। 22 सितंबर को दूसरे पक्ष के लोग खेत में फसल काटने पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
शिकायत में पप्पूराम पुत्र छगनाराम, हेमराज पुत्र छगनाराम और छगनाराम सहित अन्य लोगों पर खेत में पहुंचकर फसल काटने और विवाद करने का आरोप लगाया गया है। परिवादी के अनुसार विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
कैंपर की टक्कर से गंभीर घायल होने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान पप्पूराम पर कैंपर वाहन से लोगों को टक्कर मारने का आरोप है। वाहन की चपेट में आने से प्रकाश देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पादूकलां थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस की ओर से पोस्टमॉर्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
