Thu, 08 06, 2026
देश

पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर:

लेनदेन विवाद में वारदात, अस्पताल के बाहर चक्काजाम; आरोपियों की तलाश जारी

post-img

बारां। शहर की लंका कॉलोनी में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विशाल महावर (30) की मौत हो गई, जबकि रोहित सोन (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक शुक्रवार रात अपने घर के बाहर शाहाबाद रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन-चार बदमाश वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान गाली-गलौज शुरू हुई और बदमाशों ने दोनों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विशाल महावर को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी, पुलिस उपाधीक्षक रोहिताश सिंह देवंदा और कोतवाली थाना प्रभारी हीरालाल पुनिया अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। देर रात पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अस्पताल के बाहर चक्काजाम

शनिवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

लेनदेन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लेनदेन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण यह हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Post