Thu, 08 06, 2026
देश

जयपुर के होटल में युवक की संदिग्ध मौत, दो दोस्त फरार:

टोडाभीम निवासी युवक का शव होटल के कमरे में मिला, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

post-img

जयपुर। जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शनिवार शाम एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपने दो दोस्तों के साथ होटल में कमरा लेकर ठहरा था। घटना के बाद दोनों दोस्त मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

बिंदायका थाना प्रभारी अनिल जैमन ने बताया कि सिवार मोड़ स्थित श्री होटल एंड रेस्टोरेंट में टोडाभीम निवासी दिनेश उर्फ दंशी बंजारा (21) का शव होटल के कमरे में मिला। शनिवार शाम करीब 7 बजे युवक के परिजन उसकी तलाश करते हुए होटल पहुंचे। दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे का दरवाजा खोलने पर दिनेश का शव अंदर पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

प्रारंभिक पूछताछ में होटल कर्मचारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे दिनेश अपने दो दोस्तों नितेश और संजय के साथ होटल में आया था और तीनों ने एक कमरा किराए पर लिया था। पुलिस का मानना है कि दिनेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद दोनों दोस्त उसे कमरे में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस फरार दोनों युवकों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Related Post