Thu, 08 06, 2026
देश

झुंझुनूं में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 8 वर्षीय मासूम की मौत, चालक फरार:

मासूम की मौत से मचा कोहराम, आधे घंटे तक हाईवे रहा जाम

post-img

 

झुंझुनूं। जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई। नेशनल हाईवे-11 पर मलसीसर रोड के पास तेज रफ्तार किआ कार ने सड़क पार कर रहे बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान अंसारी कॉलोनी निवासी सद्दाम लीलगर के 8 वर्षीय बेटे रेहान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रेहान अपने एक दोस्त के साथ घूमने जा रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे दोनों मलसीसर रोड पर हाईवे पार कर रहे थे, तभी हरियाणा नंबर की काले रंग की किआ कार ने रेहान को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद उसका दोस्त घबराकर रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

शव रखकर किया हाईवे जाम

सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्चे का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया जाम

घटना की सूचना पर डिप्टी एसपी गोपाल ढाका, शहर कोतवाल श्रवण कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर जाम खुलवाया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को पिकअप वाहन से बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सीआई श्रवण कुमार ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रेहान चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर भी बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जुटे रहे तथा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते रहे।

Related Post