पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 23 नवंबर को एक फेज में चुनाव होगा। वहीं, छत्तीसगढ़ में दो फेज में चुनाव होगा, 7 नवंबर और 17 नवंबर को। तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा। इसके अलावा, मिजोरम में 7 नवंबर को चुनाव होगा। सभी राज्यों में मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग ने सभी 5 राज्यों का 40 दिन में दौरा किया और सभी राज्यों की राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक की। इसके अलावा सरकारी एजेंसियों, राज्य सरकारों के साथ बैठकें कीं। हमने राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मुलाकात की। उनके सुझाव और फीडबैक लिए। मिजोरम का कार्यकाल दिसंबर 2023 में खत्म हो रहा है। बाकी राज्यों का कार्यकाल जनवरी 2024 में कार्यकाल खत्म हो रहा है। इन 5 राज्यों में 679 विधानसभा सीटें हैं। इन राज्यों में 16.14 करोड़ से ज्यादा वोटर हैं। इनमें से 8.2 करोड़ पुरुष और 7.8 करोड़ महिला वोटर हैं। इन राज्यों में 60.2 लाख ऐसे वोटर हैं, जो पहली बार वोट करेंगे।
5 राज्यों में 1.77 लाख पोलिंग बूथ
सीईसी राजीव कुमार ने बताया, 17 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किसी को भी वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी बदलाव कराना है हो सकता है। ये बीएलओ के जरिए या फिर सीधे वेबसाइट के जरिए करा सकते हैं। इन 5 राज्यों में 1.77 लाख पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
नए मतदाताओं की उम्र 18 से 19 साल के बीच
60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनकी एडवांस एप्लिकेशन प्राप्त हो चुकी हैं।
किस राज्य में इस बार कितने वोटर
मध्यप्रदेश 5.6 करोड़
राजस्थान 5.25 करोड़
तेलंगाना 3.17 करोड़
छत्तीसगढ़ 2.03 करोड़
मिजोरम 8.52 लाख
कहां कब होगी वोटिंग, नतीजे कब?
राज्य वोटिंग कितनी सीटें
मिजोरम 7 नवंबर 40 सीटें
मध्यप्रदेश 17 नवंबर 230 सीटें
छत्तीसगढ़ 7 और 17 नवंबर 90 सीटें
राजस्थान 23 नवंबर 200 सीटें
तेलंगाना 30 नवंबर 119 सीटें
सभी राज्यों के नतीजे एक साथ 3 दिसंबर को आएंगे।
