राजस्थान विधानसभा चुनाव की पार्टियों ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी। वहीं कई जगह प्रत्याशी को लेकर विरोध भी सामने आ रहा है। भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी गई है। इसमें देवली-उनियारा में घोषित प्रत्याशी का विरोध कर स्थानीय का मुद्दा उठाया जा रहा है।उनियारा-देवली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं का विरोध मुखर हो गया। इसको लेकर मंगलवार को पूर्व विधायक राजेंद्र गुर्जर के समर्थक उनियारा विधानसभा क्षेत्र से से जयपुर पहुंचे। वहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाद प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शाम तक चलता रहा। कार्यकर्ताओं व पूर्व विधायक समर्थकों ने किसी भी स्थानीय व्यक्ति को ही टिकट देने मांग की। बाहरी को टिकट देने पर विरोध जताया।
समर्थकों ने जयपुर किया कूच
मंगलवार सुबह पूर्व राजेंद्र गुर्जर के समर्थक जयपुर के लिए निकले। उन्होंने दोपहर बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इनमें जिला मंत्री जितेंद्र चौधरी, सत्यनारायण मीणा, रामकिशन सैनी, ककोड़ देहात मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, नासिरदा देहात मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़, दूनी देहात मण्डल अध्यक्ष बनवारी जाट मौजूद थे। इधर, देवली-उनियारा के पूर्व विधायक राजेन्द्र गुर्जर से बात करनी चाही। लेकिन उनका दूरभाष नम्बर बंद था।
