Thu, 08 06, 2026
देश

नेताजी देने लगे डेट, हरियाणवी लोक गायकों ने बढ़ा दी अपनी रेट:

चुनावी सभाओं में भीड़ को रोकने के लिए हरियाणवी कलाकार मंच पर लगाएंगे ठुमके

post-img

 विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को आकर्षित करने, पार्टी-प्रत्याशी के समर्थन में गाने बनवाने एवं बड़े नेताओं की रैलियों में भीड़ जुटाने के मकसद से हरियाणवी लोक गायकों की भी मांग बढ़ गई है। दिलचस्प यह है कि कलाकारों से ज्यादा प्रत्याशी होने का हरियाणवी लोक गायक भी फायदा उठाने से नहीं चूक रहे। उन्होंने कार्यक्रम आयोजित करने के बदले ली जाने वाली राशि डेढ़ से दो गुणा बढ़ा दी है। हरियाणा बॉर्डर से सटी सूरजगढ़, पिलानी, खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में हरियाणवी लोक गायकों की सबसे ज्यादा मांग रहती है। सीमा पर बसे गांवों के लोगों के रिश्तेदारियां भी हरियाणा में है। ऐसे में इन क्षेत्रों में चुनाव लडऩे वाले नेता हरियाणा के लोक गायकों को ही अपने कार्यक्रम में बुलाते हैं। बड़े नेताओं की सभा में अधिक भीड़ जुटाने एवं भीड़ को लंबे समय तक रोके रखने के लिए हरियाणवी गायकों को ही बुलाया जाता है। इस बार भी जहां-जहां प्रत्याशी घोषित हुए हैं, वहां हरियाणवी कलाकारों की बुकिंग शुरू हो गई है। चुनावी समर में उतरे प्रत्याशियों ने इन कलाकारों को बुलाने के लिए अपना खजाना खोल दिया है। 
कम कलाकार, राशि ज्यादा
हरियाणवी कलाकार सामान्य दिनों में कार्यक्रम के दो से तीन लाख रुपए लेते हैं और तीन से चार घंटे कार्यक्रम पेश किया जाता है। कार्यक्रम में पांच से सात डांस आइटम एवं इतनी ही रागिनी पेश की जाती है। आयोजक की डिमांड पर अधिक कलाकार मंगवाने पर यह राशि बढ़ जाती है। लेकिन विधानसभा चुनावों में इसकी रेट बढ़ गई है। कम कलाकारों के साथ रंगारंग कार्यक्रम आयोजित करने के बदले यह राशि डेढ़ से दो गुणा ज्यादा बताई जा रही है।
नेताओं की यह है मजबूरी
विधानसभा चुनाव लडऩे वाले नेताओं के सामने हरियाणवी गायकों को बुलाना मजबूरी है। रैली में भीड़ को एकत्र कर उसे लंबे समय तक बैठाए रखने एवं चुनाव प्रचार के लिए गाने बनवाने के लिए हरियाणवी गायक बुलाने पड़ते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अच्छी भीड़ को देखकर नेता खुश हो जाते हैं। जनता में भीड़ एकत्र होने का संदेश भी जाता है। इससे चुनाव में फायदा मिलने की उम्मीद रहती है।
गाना रिकॉर्ड कराने के ले रहे 50 हजार तक
पार्टी प्रत्याशी खुद एवं पार्टी के प्रचार-प्रसार के लिए गाने रिकार्ड कराने के लिए इन कलाकारों की मदद लेते है। सामान्य दिनों में बीस हजार रुपए तक में गाना रिकार्ड होकर मिल जाता था, वहीं अब इसकी कीमत पच्चास हजार रुपए तक पहुंच गई है।
विधानसभा चुनावों में हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा, दिलेर खरकिया, मुकेश फौजी, गरीमा, मोनिका, रूचिका जांगिड़, अन्नू कादियान, रेणुका पंवार एवं सपना चौधरी के कार्यक्रमों की मांग बढ़ी है। इनमें सबसे मंहगी कलाकार सपना चौधरी है। कलाकारों के साथ तय की गई राशि में साउंड सिस्टम शामिल होता है। एक पार्टी में तीन से पांच महिला डांसर, एक मुख्य कलाकार, एक हास्य कलाकार के साथ पांच से छ: अन्य कारिंदे होते हैं।

Related Post