Thu, 08 06, 2026
देश

100 मीटर की दूरी पर ठहरेंगे वाहन, प्रत्याशी सहित पांच को ही प्रवेश की होगी अनुमति:

विधानसभा चुनाव- 2023 : कल से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, होगी वीडियोग्राफी

post-img

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर को चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसे लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
नामांकन प्रक्रिया 6 नवम्बर तक चलेगी। नामांकन दाखिले के दौरान नामांकन भरने जाने के दौरान वाहनों को यहां कलक्ट्रेट परिसर से 100 मीटर की दूरी पर रोक दिया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी के निर्देशन में कार्मिकों ने 100 मीटर की दूरी नापते हुए स्थान चिन्हित किया, जहां बैरिकेडिंग की जाएगी। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रिटर्निग अधिकारी रामावतार मीना ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल की सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। साथ ही कक्ष सहित परिसर में सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही परिसर में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी तैनात रहेगा।
उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिले के दौरान प्रत्याशी सहित पांच जनों को ही रिटर्निंग अधिकारी कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
होम वोटिंग के लिए चल रही तैयारियां : 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता और दिव्यांग मतदाताओं को इस बार होम वोटिंग की सुविधा रहेगी। होम वोटिंग को लेकर तैयारियां चल रही हैं। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार करौली विधानसभा क्षेत्र में 80 प्लस के 6340 मतदाता हैं, जबकि 3383 दिव्यांग मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से उन मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा रहेगी, जो बूथ तक जाने में असमर्थ हैं। उनके लिए घर पर ही मत डालने की सुविधा के लिए तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे मतदाताओं के घरों पर मतदान दल पहुंचेंगे। 
नामांकन की तैयारियां करें पूर्ण
जिला निर्वाचन अधिकारी वीसी के माध्यम से सभी रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन के संबंध में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रकोष्ठों में नियुक्त किए गए प्रभारियों को भी निर्देशित करते हुए कहा कि वे सौंपी गई जिम्मेदारियां का पूर्ण रूप से निर्वहन करना सुनिश्चित करें। यहां डीओआईटी के वीसी रूम में वीसी के माध्यम से उन्होंने कहा कि समस्त रिटर्निंग अधिकारी सक्रिय रहते हुए कार्य करें और नामांकन के संबंध में आवश्यक तैयारी जैसे सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेड, नामांकन फार्म आदि तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने बताया कि नामांकन 30 अक्टूबर से प्रारम्भ होंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन का समय रहेगा।


 

Related Post