अबकी बार निर्वाचन विभाग ने विधानसभा चुनाव को लेकर कई तरह के बदलाव किए हैं। इसके तहत चुनावी ताल ठोकने वाले प्रत्याशियों को अबकी बार सभा, प्रचार सामग्री लगाने को जगह चिन्ह्ति करने की अनुमति को लेकर निर्वाचन विभाग कार्यालय के ज्यादा चक्कर नहीं निकालने पड़ेंगे। इसके लिए विभाग ने अबकी बार सुविधा एप लान्च किया है। इसके माध्यम से प्रत्याशी सभा करने की अनुमति आदि के लिए आवेदन ही आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद विभाग नियमानुसार ऑनलाइन ही अनुमति पत्र जारी कर देगा।
चुनाव के दृष्टिगत प्रत्याशियों को ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने की सुविधा भी रहेगी। ऑनलाइन जमानत राशि का चलान भी जमा करवा सकेगा। सामान्य वर्ग के लिए दस हजार तथा एससी व एसटी वर्ग के लिए 5 हजार रुपए की जमानत राशि निर्धारित की गई है। ऑनलाइन तरीके से नामांकन दाखिल करने के बाद निर्धारित तिथि से पहले आवेदक को इसकी मूल प्रति ऑफलाइन तरीके से आरओ को अनिवार्य रूप से जमा करवानी होगी। जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में तीस अक्टूबर से छह नवम्बर तक नामांकन का दौर चलेगा। सात नवम्बर को नामांकनों की जांच होगी। नौ तक नाम वापसी का दौर चलेगा। इसके बाद 25 नवम्बर को मतदान होगा। तीन दिसम्बर को मतगणना होगी। इसे लेकर निर्वाचन विभाग की टीम तैयारियों में जुटी हुई है। जिले में कुल 13 लाख 89 हजार 346 मतदाता पंजीकृत है। चुनाव के दृष्टिगत मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर स्वीप के तहत कई गतिविधियां की जा रही है। इसमें स्कूलों में रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए वोटिंग का संदेश दिया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से कैंडल मार्च निकाला गया। जिला परिषद सीईओ सुनीता चौधरी की अगुवाई में विभिन्न आयोजन करवाए जा रहे हैं। जिले के सभी मतदाताओं को आगामी 25 नवम्बर को मतदान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है। नोडल स्वीप एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीता चौधरी ने मतदाताओं को मतदाता सूची पठन महाअभियान की जानकारी दी। मतदान प्रतिशत की बात करें तो प्रदेश में जिले की स्थिति काफी अच्छी रही है। डेढ़ देशक में टॉप थ्री में जिला रहा है।
