पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान पर जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नजरें तो अब बीजेपी को वसुंधरा जी पर रखनी चाहिए, वह क्या करने वाली हैं, क्या नहीं। बीजेपी में कितनी खींचतान मची हुई है। टिकटों में कितना विवाद है, यह किसी से छिपा हुआ नहीं है। पायलट ने यह पलटवार पत्रकारों के एक सवाल पर किया। इस दौरान पत्रकारों ने पायलट से पूछा कि नड्डा ने जयपुर में बयान दिया कि गहलोत के 5 साल केवल पायलट पर नजर रखने में बीत गए। इस पर पायलट ने तंज कसते हुए यह हमला किया। पायलट ने टोंक में अपने दौरे के दूसरे दिन भी शुक्रवार को केंद्र की भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया।
बीजेपी को वसुंधरा जी पर नजर रखनी चाहिए
सचिन पायलट टोंक में बीजेपी पार्टी पर जमकर हमलावर हुए। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हाल ही में एक बयान दिया था कि सीएम गहलोत के पांच साल तो केवल सचिन पायलट पर नजर रखने में ही चले गए। पायलट ने नड्डा के इस बयान पर वसुंधरा राजे का नाम लेकर पलटवार किया। पायलट ने कहा कि अब बीजेपी को वसुंधरा जी पर नजर रखनी चाहिए कि वह क्या करने वाली हैं और क्या नहीं। इस बात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। हाल ही में बीजेपी ने इस बार चुनाव में किसी का भी चेहरा आगे लाने से इनकार कर दिया और पीएम मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ने की बात कही है। जिसको लेकर कयास यह लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में वसुंधरा राजे इसको लेकर बड़ा कदम उठा सकती हैं।
