Thu, 08 06, 2026
देश

पीएम मोदी ने गहलोत सरकार पर लगा दिया बड़ा आरोप,राजस्थान में आतंकियों से सहानुभूति रखने वाली कांग्रेस सरकार:

कन्हैयालाल के साथ हुई आतंकी घटना कांग्रेस पर दाग

post-img

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कन्हैयालाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए बृहस्पतिवार को राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह आतंकियों से सहानुभूति रखने वाली सरकार है| मोदी ने भ्रष्टाचार एवं कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर भी राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसकी तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान के गौरव को खतरे में डाल दिया है| उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस की सरकार में राजस्थान के लोगों के साथ मानवता को शर्मसार करने वाली वारदातें हो रही हैं| उदयपुर में कन्हैयालाल जी के साथ आतंकी घटना कांग्रेस सरकार पर बहुत बड़ा दाग है| ऐसी जघन्य वारदात उदयपुर में इसलिये हुई क्योंकि यहां आतंकियों के साथ सहानुभूति रखने वाली कांग्रेस की सरकार है|
पिछले साल 28 जून को दो हथियारबंद लोगों ने कन्हैयालाल की हत्या कर दी थी| आरोपियों ने इस कृत्य का वीडियो भी बनाया और उसे ऑनलाइन साझा कर दिया| मोदी ने राज्य में रामनवमी की शोभायात्रा और कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘आज यहां कांग्रेस सरकार है, इसलिये पीएफआई जैसे आतंकी संगठन बेखौफ होकर रैलियां निकालते हैं| आतंकियों की हमदर्द कांग्रेस सरकार राजस्थान को तबाह करके मानेगी| 
उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान की संस्कृति, विरासत और गौरव को खतरे में डाल दिया है|
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक ही एजेंडा है - राजस्थान को लूटना और अपना खजाना भरना| उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भ्रष्टाचार कांग्रेस के लिए हवा-पानी की तरह है, उसके बगैर कांग्रेस का काम नहीं चल सकता| राजस्थान में कांग्रेस के नेता खुद कह रहे हैं कि यहां ऐसी लूट मची है, जैसी देश में कहीं और नहीं है|
उन्होंने कहा, ‘‘आज राजस्थान में न दलित, पिछड़े, और गरीब सुरक्षित है और न ही हमारी बहन- बेटियां सुरक्षित हैं| कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में राजस्थान को अव्वल बना दिया है| कांग्रेस सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध को काबू कर पाने में पूरी तरह नकारा साबित हुई है|
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा राजस्थान की हर बेटी, हर बहू को यह विश्वास दिलाती है कि उसे सम्मान से जीवन जीने और सुरक्षित माहौल में घर से निडर होकर निकलने का अवसर मिलेगा... और यह मोदी की गारंटी है|
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने राजस्थान के पांच साल बर्बाद किए हैं| पांच साल तक राजस्थान की सरकार इसी में उलझी रही कि कुर्सी पर कौन बैठेगा| कुर्सी की इस लड़ाई में कांग्रेस ने जनता के मुद्दों की परवाह नहीं की| प्रधानमंत्री ने लोगों को भारतीय उत्पाद खरीदने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कारीगर मजबूत होंगे| उन्होंने दिवाली पर भारतीय उत्पाद खरीदने की अपील की. सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी एवं अन्य पार्टी नेताओं ने भी संबोधित किया|


 

 

 

Related Post