जयपुर। राजस्थान में लंबे समय से प्रतीक्षित नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों का कार्यक्रम तय हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान हाईकोर्ट में प्रस्तुत अपने जवाब में चुनावों की संभावित तिथियां और विस्तृत कार्यक्रम साझा किया है। हालांकि आयोग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के समय कार्यक्रम में आंशिक बदलाव संभव है।
निकाय चुनाव का कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग के अनुसार 17 अगस्त 2026 को निकाय चुनाव की घोषणा की जाएगी तथा 22 अगस्त को अधिसूचना जारी होगी।
इसके बाद 27 अगस्त तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 29 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी, 31 अगस्त तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और 1 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 सितंबर तथा दूसरे चरण का मतदान 9 सितंबर को कराया जाएगा। 11 सितंबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव
निकाय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 12 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। 14 सितंबर तक नामांकन, 15 सितंबर को जांच, 16 सितंबर को नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। 19 सितंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
20 सितंबर 2026 को संबंधित निकायों की बैठकों में उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पंचायत चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 23 सितंबर 2026 को पंचायत चुनाव की घोषणा होगी, जबकि 28 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी।
- 1 अक्टूबर: नामांकन की अंतिम तिथि
- 3 अक्टूबर: नामांकन पत्रों की जांच
- 5 अक्टूबर: नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन
चार चरणों में होगा मतदान
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य
- प्रथम चरण: 13 अक्टूबर
- द्वितीय चरण: 23 अक्टूबर
- तृतीय चरण: 29 अक्टूबर
- चतुर्थ चरण: 3 नवंबर
सरपंच चुनाव
- प्रथम चरण: 14 अक्टूबर
- द्वितीय चरण: 24 अक्टूबर
- तृतीय चरण: 30 अक्टूबर
- चतुर्थ चरण: 4 नवंबर
उपसरपंच चुनाव
- प्रथम चरण: 15 अक्टूबर
- द्वितीय चरण: 25 अक्टूबर
- तृतीय चरण: 31 अक्टूबर
- चतुर्थ चरण: 5 नवंबर
मतदान दलों का प्रस्थान
- प्रथम चरण: 12 अक्टूबर
- द्वितीय चरण: 22 अक्टूबर
- तृतीय चरण: 28 अक्टूबर
- चतुर्थ चरण: 2 नवंबर
मतगणना एवं निर्वाचन
- 12 नवंबर: जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना
- 14 नवंबर: प्रधान एवं प्रमुख का निर्वाचन
- 15 नवंबर: उपप्रधान एवं उपप्रमुख का निर्वाचन
राजस्थान हाईकोर्ट की सख्ती के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के समय कार्यक्रम में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। चुनाव कार्यक्रम सामने आने के साथ ही प्रदेशभर में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं और ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक चुनावी माहौल बनने लगा है।
