केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने 5 साल के कार्यकाल में राज्य को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. अमित शाह ने कांग्रेस सरकार को 'सबसे भ्रष्ट सरकार' बताया. वह नावां विधानसभा सीट के कुचामन कस्बे में जनसभा को संबोधित कर रहे थे.
पेपर लीक में बनाया विश्व रिकॉर्ड
अमित शाह ने कहा, ‘गहलोत जी ने तुष्टिकरण की राजनीति की सारी सीमाएं लांघ दी हैं. गृहमंत्री ने कहा, ‘चाहे बिजली देनी हो, स्वास्थ्य सुरक्षा ठीक करनी हो या कानून व्यवस्था ठीक करनी हो, ये काम केवल और केवल कमल फूल की सरकार यानी भाजपा कर सकती है.’ शाह ने कहा कि राज्य सरकार ने पेपर लीक मामले में 'विश्व रिकार्ड' बनाया है. आप कमल फूल की सरकार बना दीजिए. आने वाले दिनों में हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि राजस्थान में एक भी पेपर लीक नहीं होगा.’
लाल रंग से डरते हैं गहलोत
अपने भाषण में लाल डायरी का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि गहलोत जी झंडे का लाल कलर देखकर ही भड़क जाते हैं। कुछ भी लाल हो गहलोत जी को लाल डायरी ही नजर आती है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर प्रदेश के खनन विभाग में 66 हजार करोड़ का घोटाला करने के भी आरोप लगाए।
ये राजस्थान के साथ अन्याय करने वाली सरकार है
अमित शाह ने कहा कि मित्रों आज में राजस्थान की जनता से कहने आया हूं कि अगर फिर से कांग्रेस की सरकार आती है तो पीएफआई जैसे संगठनों से कांग्रेस को कोई बचा नहीं सकता। भाइयों-बहनों सेना को सबसे ज्यादा जवान देने वाला ये प्रदेश है। कितने सालों से सेना के जवान यह मांग करते थे कि वन रैंक वन पेंशन दीजिए। कांग्रेस पार्टी नहीं सुनती थी, मोदी जी ने वन रैंक वन पेंशन देकर एकमुश्त चालीस हजार करोड़ रुपये सेना के जवानों के बैंक खातों में डालने का काम किया है।
