विधानसभा चुनाव 2023 के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 30 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी। इसको लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। प्रत्याशियों को जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। मतदान 25 नवम्बर को होगा।
देना होगा आय-व्यय का ब्यौरा
निर्वाचन आयोग के निर्देश और नियमानुसार सभी प्रत्याशियों को आय-व्यय का ब्योरा विस्तार से देना होगा। सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को दस हजार तो अजा व अजजा वर्ग के प्रत्याशियों को पांच हजार रुपए की जमानत देनी होगी। प्रत्याशी ऑनलाइन भी नामांकन दाखिल कर सकेंगे, हालांकि उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर के सामने दस्तावेज लेकर पेश होना पड़ेगा।
प्रशासन के लिए यह सप्ताह खास
जिला कलक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी की अगुवाई में प्रशासन नामांकन प्रक्रिया की तैयारी में जुटा है। प्रशासन के लिए यह सप्ताह अहम है। जिले की विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर सहित अन्य से जानकारी ली गई है। रिटर्निंग अधिकारियों के कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी।
चाक -चौबंद व्यवस्था
पुलिस की कलक्ट्रेट पर चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। अधिसूचना जारी होने के बाद अतिरिक्त जाप्ता कलक्ट्रेट पर तैनात होगा। कलक्ट्रेट के आस-पास बेरिकेडिंग लगाई जाएगी। नियमानुसार प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक-समर्थक को ही प्रवेश दिया जाएगा। भीड़ को नामांकन प्रक्रिया के दौरान दूर रखा जाएगा। बाकायदा आईडी-कार्ड भी जांचे जाएंगे।
