जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राजस्थान सहित सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी एवं सह-प्रभारी नियुक्त किए। राजस्थान में डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल की जगह राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में यह पहला बड़ा संगठनात्मक फेरबदल है। नई नियुक्तियों में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी-सह प्रभारी घोषित किए गए हैं।
राजस्थान के लिहाज से इस बदलाव को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि प्रदेश में हाल ही में नगर निकाय चुनाव संपन्न हुए हैं और अब पंचायती राज चुनावों की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी के सामने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों के समन्वय की जिम्मेदारी होगी।
राजस्थान से तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी
नई सूची में राजस्थान से जुड़े नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। सतीश पूनिया को पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। पंजाब में उनके साथ राज्यसभा सांसद अलका गुर्जर को सह-प्रभारी बनाया गया है।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना, दोनों राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। बंसल पहले उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
इस तरह नई सूची में राजस्थान से जुड़े संजय भाटिया, सतीश पूनिया और सुनील बंसल को अलग-अलग राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिली हैं।
