Thu, 08 06, 2026
देश

नेताजी को भा रहा सोशल मीडिया, पार्टियां भी कर रही खूब उपयोग:

नेताओं ने सोशल मीडिया के लिए रखे अलग से प्रतिनिधि, पार्टियां भी सोशल मीडिया प्रकोष्ठ का कर रही गठन

post-img

विधानसभा सीटों पर प्रमुख पार्टियों से टिकट मिलने की आशा लगाए बैठे उम्मीदवार टिकट मिलने से पहले ही प्रचार-प्रसार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उम्मीदवार प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का जमकर उपयोग कर रहे हैं। हर नेता ने अपनी टीम में सोशल मीडिया के एक या अधिक एक्सपर्ट्स को प्रमुखता से शामिल किया है।
दरअसल, आज हर हाथ में खासकर युवाओं के पास मोबाइल है। ऐसे में उम्मीदवार भी मोबाइल के जरिए अपनी बात हर व्यक्ति पर पहुंचाने में जुटे हैं। सोशल मीडिया जनप्रतिनिधियों के लिए सस्ता प्रचार माध्यम बन गया है। नेता हर कार्यक्रम को लेकर अपने बयान और संदेश को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रचारित कर रहे है। इसके अलावा इस पर खर्च का हिसाब भी आसानी से नहीं लगाया जा सकता।
व्यक्तिगत प्रभावित करने की कोशिश
नेता अपने कार्यकर्ताओं और युवाओं के जरिए क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों की बर्थ-डे, मैरिज एनिवर्सरी प्रोफाइल बना रहे हैं। कई कंपनियां चुनावी मैनेजमेंट के ऐसे ऐप डिजाइन करती है। जिसमें क्षेत्रवार लोगों का डेटा होता है। इसमें लोगों के जन्मदिन से लेकर मैरिज एनिवर्सरी समेत पुण्यतिथि जैसे कार्यक्रमों की जानकारी होती है। नेता इन विशेष दिनों पर शुभकामनाएं व संवेदनाएं व्यक्त कर लोगों को व्यक्तिगत रूप से प्रभावित करने की कोशिश करते है।
मंच का संबोधन सोशल मीडिया पर
विभिन्न कार्यक्रमों व सभाओं में दिए गए भाषण व विभिन्न मामलों को लेकर दिए गए बयान भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित किए जा रहे हैं। ऐसे में मंच पर स्थान या पर्याप्त समय नहीं मिलने के बावजूद वह अपनी पूरी बात सोशल मीडिया के जरिए लोगों को पहुंचा रहे है।
प्रमुख पार्टियों में सोशल मीडिया विभाग
प्रमुख पार्टियों ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बना लिए हैं। जिनका संचालन सोशल मीडिया विंग के जरिए करती हैं। बड़ी पार्टियों ने राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर इसमें पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इसके अलावा पार्टियां जिले से लेकर विधानसभा व तहसीलवार भी सोशल मीडिया के पदों का गठन कर रही है।

Related Post