Fri, 08 07, 2026
देश

नेताजी की परीक्षा की घड़ी आई, खर्च की जुड़ेगी पाई-पाई:

प्रत्याशियों के विभिन्न चुनाव सामग्री की दरें निर्धारित

post-img

विधानसभा चुनाव को लेकर चौतरफा उत्साह है। हांलाकि अब तक चारों विधानसभाओं में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों की तस्वीर तो पूरी तरह से साफ नहीं हो पाई हैं, लेकिन निर्वाचन आयोग से प्रत्याशियों के खर्च की सीमा तय करने के साथ ही अब जिले में प्रत्याशियों की ओर से चुनाव प्रचार के लिए प्रयुक्त की जाने वाली विभिन्न चुनाव सामग्री की दरें निर्धारित कर ली है। इसमें विविध प्रचार सामग्री, वाहन किराया, होटल अतिथि गृह, सभा स्थल, अल्पाहार-भोजन, राजनैतिक दलों की ओर से प्रचार में उपयोग में ली जाने वाली विभिन्न सामग्रियों की दरें शामिल है। नेताजी के चुनाव की इस महत्वपूर्ण घड़ी में उनकी ओर से खर्च किए जाने वाली पाई- पाई पर पैनी नजर रहेगी।
डूंगरपुर विधानसभा संवेदनशील
खास बात यह भी है कि इस बार व्यय के मामले में चार में से डूंगरपुर विधानसभा क्षेत्र को संवेदनशील की श्रेणी में शामिल किया गया है। जहां निगरानी को लेकर अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सभी विधानसभाओं के प्रत्याशियों के खर्च भी प्रशासन की खास नजर रहेगी। उल्लेखनीय है कि इस बार प्रत्याशियों के चुनावी व्यय की सीमा 40 लाख रुपए तक तय की गई है।
यह रहेगी वाहन दर
बस 35 सीट से उपर 40 किमी न्यूनतम 300 , बस 35 सीट से नीचे 35 किमी न्यूनतम 300 किमी, जीप 13 किमी न्यूनतम 300 किमी, टैंपो लोडिंग 1000 प्रतिदिन लोकल भ्रमण, ट्रक 3000 प्रतिदिन लोकल भ्रमण, कार 12 रुपए प्रति किलोमीटर लोकल भ्रमण न्यूनतम 300 किलोमीटर, थ्री व्हीलर एक हजार प्रति दिन लोकल भ्रमण, टू व्हीलर प्रचार, रैली, सभा के लिए 100 पेट्रोल खर्च प्रति वाहन, पिकअप वाहन प्रतिदिन 1200 रुपए, ट्रेक्टर 2 हजार रुपए प्रतिदिन की दर रहेगी।
माला, साफे, पगड़ी ...
होटल, अतिथि गृह एवं सभा स्थल का किराया भी तय किया गया है। इसी के तहत छोटी फुल माला के 10, मध्यम माला के तीस, बड़ी माला के 150, साफे के 250 एवं पगड़ी के 150 रुपए की दर रहेगी। इसी प्रकार से प्रचार सामग्री में माइक सेट व स्पीकर 3500, पांडाल 15 गुणा 15 फीट प्रति इकाई 500, कपड़े का झंडा 15 रुपए प्रति नग, कपड़े का बैनर मय प्रिंट सामान्य कपड़े पर 60 एवं कपड़े का बैनर मय प्रिंट साटन के कपड़े पर 125 रुपए प्रति मीटर की दर तय की है।
वीआईपी कुर्सी के भी 25 रुपए प्रति इकाई
टेंट, फर्नीचर किराया एवं चेयर आदि की तय दर के तहत वीआईपी कुर्सी प्रतिदिन 25 रुपए प्रति इकाई, पीवीसी कुर्सी के प्रतिदिन आठ रुपए प्रति इकाई, सफेद टेबल कवर दस रुपए प्रति इकाई प्रतिदिन, सोफासेट 220 रुपए प्रति इकाई प्रतिदिन, बुके फुलों का गुलदस्ता 100 रुपए प्रति नग प्रतिदिन की दर रहेगी। टीवी डिस्प्ले प्रोजेक्टर तीन हजार रुपए प्रतिदिन एवं डीजे सेट मय वाहन चार हजार रुपए प्रति नग प्रतिदिन की दर की गई है।

Related Post