राजस्थान बीजेपी में अल्पसंख्यक समुदाय का एक बड़ा चेहरा अब कांग्रेस में शामिल हो गया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे अमीन पठान ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और मोहन प्रकाश भी मौजूद रहे।
अमीन पठान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष रहे हैं।उनके साथ कई पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। अमीन पठान राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख अल्पसंख्यक चेहरों में शामिल रहे और लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे हैं। लेकिन पार्टी ने उन्हें एक बार भी विधायक का टिकट नहीं दिया। वहीं, इस बार तो पार्टी एक भी मुस्लिम चेहरे को मैदान में नहीं उतारा है।
अमीन पठान ने कहा कि उन्होंने 25 साल भाजपा में काम किया। पार्षद से लेकर कई पदों पर रहे। पहले अटल बिहारी वाजपेयी और भैरों सिंह शेखावत की जो भाजपा थी, वह अब नहीं रही। आज जो नारा है, 'सबका साथ, सबका विकास' यह पहले दिखता था। आज नहीं दिखता है। उन्होंने कहा कि भारत का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी कितने दिन तक जंतर-मंतर पर धरना देकर बैठे रहे। किसान, मजदूर और गरीबों की भाजपा में अनदेखी हो रही है, इसलिए भाजपा को छोड़ा। कांग्रेस ने कई नीतियां बनाई। खिलाड़ियों से लेकर हर वर्ग के लिए काम किया, इससे प्रभावित होकर कांग्रेस ज्वाइन की है।
